किसान-मजदूर अधिकार यात्रा: दिल्ली में प्रवेश के लिए निकले हजारों प्रदर्शनकारी, NH-9 पर लगा जाम

नई दिल्ली/गाजियाबाद, जेएनएन। सहारनपुर से दिल्ली के किसान घाट तक निकाली जा रही किसान-मजदूर अधिकार यात्रा के नेशनल हाई-वे-9 पर पहुंचे ही भीषण जाम लग गया। यहां पर हजारों वाहन रेंगते नजर आ रहे हैं। किसान पैदल यात्रा, ट्रैक्टर ट्राली से यात्री कर रहे हैं, जिससे जाम लग गया। हालत यह रही कि लोगों ने पैदल ही यात्रा करना मुनासिब समझा।इससे पहले यात्रा में शामिल किसान कमला नेहरूनगर से बम्हैटा, एनएच-9 से लालकुआं और छिजारसी से नोएडा ट्रांसपोर्ट नगर पहुंचे। इसके बाद करीब एक बजे गाजियाबाद से यात्रा रवाना हुई। इसके चलते एनएच-9 पर भारी जाम लगा है। इससे पहले बृहस्पतिवार को गाजियाबाद के कमला नेहरूनगर मैदान में रुके किसानों से बात करने एसपी सिटी श्लोक कुमार सिंह भी पहुंचे थे। इस दौरान किसानों ने बेहतर इंतजाम के लिए धन्यवाद दिया तो एसपी सिटी ने भी व्यवस्था बनाये रखने की अपील की थी।इससे पहले बुधवार को सहारनपुर से दिल्ली के किसान घाट तक निकाली जा रही किसान-मजदूर अधिकार यात्रा मोदीनगर-मुरादनगर से गुजरी। जिसके चलते मेरठ हाईवे पर करीब आठ किलोमीटर लंबा जाम लग गया। सुबह 10 बजे से लेकर दोपहर एक बजे तक जाम के चलते लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि पुलिस ने रूट डायवर्ट कराकर स्थिति को काफी हद तक सामान्य करने का प्रयास किया।


किसानों का कर्ज माफ करने, मुफ्त बिजली, पश्चिम उप्र में हाई कोर्ट बेंच की स्थापना सहित अन्य मांगों को लेकर भारतीय किसान संगठन के बैनर तले किसान-मजदूर अधिकार यात्र शुरुआत 11 सितंबर को सहारनपुर से हुई थी, यह यात्रा 21 सितंबर को दिल्ली के किसान घाट पहुंचेगी।


बुधवार की सुबह करीब 10 बजे पदयात्रा ने मोदीनगर की सीमा में प्रवेश किया। इसमें सैकड़ों किसान व मजदूर शामिल थे। काफी तादाद में किसान ट्रैक्टर-ट्राली, कार व बाइकों में आए थे। ऐसे में पूरी सड़क पर किसानों का कब्जा था। इसके चलते हाईवे पर मेरठ की तरफ से आ रहे वाहनों की गति पूरी तरह थम गई। करीब 12 बजे पदयात्र मोदी मंदिर के सामने पहुंची, तब तक वाहनों की कतारें गो¨वदपुरी को पार करती हुईं कादराबाद तक पहुंच गईं। लोगों को करीब आठ किलोमीटर लंबे भीषण जाम से दो, चार होना पड़ा। करीब पांच से छह घंटे लोगों ने भारी परेशानी का सामना किया।